Uttarakhand

कांवड़ यात्रा के बाद नीलकंठ में चला वृहद स्वच्छता अभियान; डीएम स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में मंदिर परिसर से पैदल मार्ग, पार्किंग और सार्वजनिक स्थलों तक हुई विशेष सफाई

7
×

कांवड़ यात्रा के बाद नीलकंठ में चला वृहद स्वच्छता अभियान; डीएम स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में मंदिर परिसर से पैदल मार्ग, पार्किंग और सार्वजनिक स्थलों तक हुई विशेष सफाई

Share this article

नीलकंठ/यमकेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने की दिशा में प्रशासन की मुहिम जारी है। कांवड़ यात्रा के सफल समापन के बाद नीलकंठ क्षेत्र में गुरुवार को वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में सुबह नौ बजे शुरू हुए अभियान के दौरान मंदिर परिसर, पैदल मार्गों, पार्किंग स्थलों, सड़क किनारे तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों की विशेष सफाई की गई। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर जमा कूड़ा-कचरा हटाने के साथ ही एकत्रित अपशिष्ट का निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निस्तारण कराया गया।

यात्रा व्यवस्थाओं के बाद अस्थायी शिविरों और विश्राम स्थलों की भी सफाई

अभियान के दौरान कांवड़ यात्रा के लिए बनाए गए अस्थायी शिविरों, विश्राम स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों के आसपास भी व्यापक सफाई कराई गई। प्रशासन का उद्देश्य यात्रा के बाद नीलकंठ क्षेत्र को पूरी तरह स्वच्छ एवं व्यवस्थित करने के साथ ही क्षेत्र की धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना रहा।

जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संगठनों ने किया श्रमदान

स्वच्छता अभियान में जिला पंचायत के स्वच्छता कर्मियों एवं कर्मचारियों के साथ व्यापार मंडल, मंदिर समिति तथा टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। यमकेश्वर की ज्येष्ठ प्रमुख स्वाति देवी, ग्राम प्रधान तोली ऊषा देवी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, दुकानदारों और नागरिकों ने भी श्रमदान कर अभियान में सहयोग दिया।

नीलकंठ में नियमित सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा

उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने कहा कि नीलकंठ धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र होने के साथ प्रमुख पर्यटन क्षेत्र भी है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नियमित सफाई के साथ प्रभावी कूड़ा उठान और निस्तारण व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विभागों, स्थानीय संगठनों, व्यापारियों और नागरिकों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निरंतर सहयोग की अपील की।

सामूहिक भागीदारी से धार्मिक स्थलों की स्वच्छता होगी स्थायी

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। यात्रा के उपरांत नीलकंठ क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित करना भी प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वच्छता अभियान में विभिन्न विभागों, व्यापार मंडल, मंदिर समिति, टैक्सी यूनियन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक भागीदारी से धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता को स्थायी रूप से बेहतर बनाया जा सकता है।

सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने की अपील

जिला प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने तथा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने की अपील की। प्रशासन ने कहा कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्थानीय समुदाय और आने वाले श्रद्धालुओं की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

स्वच्छता अभियान में मंदिर के मुख्य पुजारी शिवानंद गिरी जी महाराज, व्यापार मंडल नीलकंठ के अध्यक्ष बृजेश चौहान, सचिव सुमित पंवार, ग्राम प्रधान ऊषा देवी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष देवेंद्र राणा, सचिव देवू शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता शिवचरण सिंह रावत, पूर्व प्रधान रविंद्र नेगी, तेजपाल नेगी, अवनीश नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मंदिर समिति, व्यापार मंडल एवं टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी और समस्त स्वच्छता कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Uttarakhand

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। संवाद…

Uttarakhand

टिहरी : ‎गढ़रत्न एवं प्रख्यात लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के 77वें जन्मदिवस के अवसर पर…

Uttarakhand

मुख्यमंत्री धामी ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे संवाद…