बिलासपुर | हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के बरठीं के भल्लू पुल के पास मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई। हादसे ने फगोग गांव के एक ही परिवार के चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। मृतकों में अंजना कुमारी, उनके दो बेटे नक्ष और आरव तथा उनकी जेठानी कमलेश कुमारी शामिल हैं।
हादसे में आठ वर्षीय शौर्य और उसकी बहन आरुषि सुरक्षित रहे। शौर्य ने अपने परिजनों की चिता को मुखाग्नि दी, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शौर्य और आरुषि ने बताया कि बस में पिछली सीट पर बैठे थे। जैसे ही पहाड़ी से मलबा गिरा, दोनों ने सीट के नीचे घुसकर अपनी जान बचाई। हादसे में बच्चों की मां, दो चचेरे भाई और चाची की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मरोतन से घुमारवीं जा रही 32 सीटर निजी बस पर पहाड़ से भारी मलबा गिर गया। बस की छत उखड़कर खड्ड के किनारे जा गिरी और बस में बैठे यात्रियों पर मलबा गिर गया, जिससे मौके पर ही 16 लोगों की मौत हो गई।
हादसे के बाद प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायल बच्चों को एम्स बिलासपुर में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रशासन ने घटना स्थल पर मलबा हटाने और प्रभावितों की सहायता के लिए कार्रवाई की। यह हादसा इलाके में दर्दनाक घटना के रूप में दर्ज हुआ है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।






