देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एफआरआई परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में इस बार जिला प्रशासन का ट्रैफिक और सुविधा प्रबंधन लोगों की जुबान पर रहा। जिला प्रशासन द्वारा बनाई गई बेहतरीन योजना के तहत आगंतुकों को किसी भी प्रकार की जाम या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर कार्यक्रम स्थल के भीतर मसूरी से मंगाई गई 14 गोल्फ कार्ट लगातार आगंतुकों की सेवा में तैनात रहीं। वहीं, पार्किंग स्थल से एफआरआई तक लाने-ले जाने के लिए दून स्मार्ट सिटी की 15 शटल बसें निरंतर चलती रहीं। इस सुव्यवस्थित व्यवस्था से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने वाले हजारों लोगों को राहत मिली और पूरे आयोजन में ट्रैफिक कंट्रोल बेहतरीन रहा।
प्रशासन के इस कदम से आम जनता ने भी संतोष जताया। गोल्फ कार्ट्स की ये विशेष व्यवस्था डीएम सविन बंसल द्वारा मसूरी प्रशासक रहते हुए खरीदे गए वाहनों से की गई, जो कार्यक्रम के समापन के बाद पुनः मसूरी भेज दिए गए।
जिला प्रशासन की यह पहल न केवल एक स्मार्ट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट मॉडल साबित हुई, बल्कि यह दिखा दिया कि सूझबूझ और योजना से बड़े आयोजनों को भी बिना किसी अव्यवस्था के संपन्न कराया जा सकता है।






