देहरादून में दीपावली की खुशियां उस वक्त तनाव में बदल गईं जब एटीएस कॉलोनी में पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर अपना लाइसेंसी शस्त्र लहरा दिया। मामूली विवाद पर हथियार दिखाने की इस हरकत ने प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। जिलाधिकारी सविन बंसल ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुनीत अग्रवाल का शस्त्र जब्त कर शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिया है। डीएम ने साफ कहा — “कानून से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

जानकारी के अनुसार, दीपावली के दिन एटीएस कॉलोनी, रायपुर थाना क्षेत्र में पटाखा जलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान पुनीत अग्रवाल, निवासी 144एल, एटीएस कॉलोनी, निकट आईटी पार्क, ने तैस में आकर अपना लाइसेंसी हथियार लहराया। पुलिस रिपोर्ट में यह कृत्य लापरवाहीपूर्ण और खतरनाक बताया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुनीत अग्रवाल का लाइसेंस नंबर 597/थाना रायपुर (UIN-335601004165002023) निलंबित कर दिया और शस्त्र जब्त करवा दिया। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
डीएम सविन बंसल ने चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी तरह का कानून से खिलवाड़ या शस्त्र दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामूली विवाद में हथियार दिखाना सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है और भविष्य में ऐसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए तलब भी किया गया है।






