देहरादून: जिलाधिकारी सविन बसंल ने 24 नवंबर 2025 को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में दूर-दराज से आए लोगों की 102 शिकायतें सुनी और मौके पर कई मामलों का समाधान किया। जन समस्याओं में भूमि विवाद, सीमांकन, फर्जी ऋण, आर्थिक सहायता, परिवार रजिस्टर, घरेलू हिंसा और सरकारी संपत्तियों के दुरुपयोग जैसी गंभीर शिकायतें शामिल थीं।

डीएम ने आजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की आईडी पर पांच लाख का फर्जी ऋण लेने की घटना पर वित्तीय धोखाधड़ी के तहत केस दर्ज करने के निर्देश दिए। गरीब पप्पू कुमार की संपत्ति बिना सूचना बैंक द्वारा बेच दिए जाने पर डीएम ने बैंक पर कार्रवाई तय की। इसके अलावा, विधवा पूर्णकला खत्री के परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज करने और मालिकाना हक सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बुजुर्ग और गरीब असहाय महिलाओं रश्मी, रेनू, सुशीला और रमा की आर्थिक मदद की गुहार पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई। इसके साथ ही, किरायेदार द्वारा बुजुर्ग महिला के मकान पर ताला जड़कर फरार होने, और पूर्व प्रधान द्वारा सरकारी संपत्तियों का निजी उपयोग करने की शिकायतों पर भी डीएम ने त्वरित जांच और कार्रवाई के आदेश दिए।
जनता दरबार में डीएम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उच्च प्राथमिकता पर समाधान किया जाए। भूमि सीमांकन, रजिस्ट्री, अवैध कब्जा हटाने, सड़क निर्माण, सीवर लाइन कनेक्शन, स्कूल की भूमि और नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जों से जुड़ी शिकायतों पर मौके पर दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (एफआर) केके मिश्रा, एसडीएमए स्मृता परमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र सिंह और जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। डीएम जनदर्शन कार्यक्रम ने साबित कर दिया कि प्रशासन जनता के प्रति संवेदनशील है और जनभावना अनुरूप समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।






