देहरादून, अक्टूबर 2025 (PIB Dehradun / Govt. of India):
देशभर में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुक्रवार को आयोजित रोजगार मेला युवाओं के लिए सुनहरा अवसर लेकर आया। प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से 40 स्थानों पर आयोजित इस राष्ट्रीय आयोजन में लगभग 51,000 नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
इसी क्रम में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित सर्वे ऑफ इंडिया के ऑडिटोरियम में रोजगार मेले का आयोजन हुआ, जिसमें उत्तराखंड डाक परिमंडल की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती शशि शालिनी कुजूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस मौके पर विभिन्न विभागों में चयनित 215 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

देहरादून में रोजगार पाने वाले युवाओं में –
59 युवा डाक विभाग में,
14 रेलवे में,
81 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) में,
19 स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में,
41 टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (THDC) में,
और 1 उम्मीदवार आईआईएम सिरमौर में नियुक्त हुआ।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती शशि शालिनी कुजूर ने नव-नियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा —
“आप सभी अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा और ईमानदारी से करें। यही देश की प्रगति और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में आपका योगदान होगा।”
उन्होंने कहा कि यह रोजगार मेला प्रधानमंत्री की रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो युवाओं को सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में सक्रिय भागीदारी के अवसर प्रदान करता रहेगा।
इस मौके पर उत्तराखंड परिमंडल के निदेशक डाक सेवाएं श्री अनसूया प्रसाद चमोला, रेलवे के चीफ वेलफेयर ऑफिसर श्री अनिल कुमार सैनी, सीएपीएफ के सहायक कमांडेंट श्री अरविंद खंडूरी (आईटीबीपी), एसबीआई के मुख्य प्रबंधक श्री राजीव कुमार सिंह, और टीएचडीसी की एचआर ऑफिसर मिस झरना दलाई सहित डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
देहरादून का यह रोजगार मेला युवाओं को न केवल रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है, बल्कि यह प्रधानमंत्री मोदी के “रोजगार युक्त भारत” और “विकसित भारत” के विज़न को भी सशक्त कर रहा है।






