देहरादून, 30 अक्टूबर 2025 — जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया जब डीएम सविन बंसल ने अचानक जिला चिकित्सालय कोरोनेशन की प्रगति की समीक्षा बैठक बुलाई। देर शाम ऋषिपर्णा सभागार में बुलाई गई इस बैठक में अस्पताल के निर्माण कार्य, चिकित्सा सुविधाओं और उपकरणों की स्थिति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान एसएनसीयू (Special Newborn Care Unit) के अपग्रेडेशन में चल रही देरी पर डीएम का पारा चढ़ गया। अधिकारियों ने फंड की कमी को कारण बताया, जिस पर डीएम ने दो महीने तक जानकारी न देने पर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को फटकार लगाई और नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर ही 91 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करते हुए निर्देश दिए कि एक माह के भीतर एसएनसीयू विस्तारीकरण कार्य पूरा किया जाए।

डीएम बंसल ने कहा कि जिला अस्पताल में आने वाले हर मरीज को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि स्वच्छता, दवा वितरण और उपकरणों की कार्यशील स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही मरीजों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी बताया गया कि ब्लड बैंक का 75% कार्य पूरा हो चुका है, जिस पर डीएम ने शेष कार्य को फरवरी 2026 तक पूर्ण करने और आवश्यक मशीन, उपकरण व चिकित्सा स्टाफ की व्यवस्था समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने मौके पर ही एसएनसीयू, दिव्यांगजन शौचालय, जनरल ओटी हेतु स्टेबलाइज़र, फायर हाईड्रेंट, अलार्म, भवन मरम्मत, जन्म-मृत्यु पंजीयन हेतु कलर प्रिंटर सहित कई कार्यों के लिए 91 लाख रुपये की स्वीकृति जिला योजना से जारी की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सीएमओ मनोज शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक मन्नु जैन, एसडीएम हरिगिरि, डॉ. जे.पी. नौटियाल, डॉ. शालिनी डिमरी, एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम ने कहा कि जिला अस्पताल को राज्य का मॉडल हेल्थ सेंटर बनाने की दिशा में कार्य जारी है, और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






