देहरादून, 19 सितंबर 2025।
जिलाधिकारी सविन बंसल शुक्रवार को पूरे प्रशासनिक अमले के साथ दुर्गम रास्तों और पगडंडियों से होते हुए 12 किलोमीटर पैदल चलकर आपदा प्रभावित सुदूरवर्ती गांव फुलेत और छमरौली पहुंचे तथा आपदा पीड़ितों की आपबीती सुनी। जिलाधिकारी ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरा प्रशासन हर पल प्रभावितों के साथ खड़ा है। आपदा प्रभावितों को हर संभव मदद एवं राहत पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का प्राथमिकता पर निराकरण किया जाएगा।
आजादी के बाद पहली बार किसी जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर ग्रामीण भावुक हुए और उन्होंने प्रशासन का आभार जताया।
मुख्य बिंदु :
-
जिलाधिकारी ने फुलेत, छमरौली, सिमयारी, सिल्ला, क्यारी और सिरोना गांव पहुंचकर लगभग 4,000 आपदा प्रभावित आबादी की समस्याएं जानी।
-
ग्रामीणों के आग्रह पर जिलाधिकारी ने उनके साथ भोजन कर भरोसा दिलाया कि “सरकार और प्रशासन हर हाल में प्रभावितों के साथ है।”
-
भूमि कटाव, फसल क्षति, भवन क्षति और पशु हानि आकलन एवं मुआवजा वितरण के लिए तहसीलदार, ब्लॉक प्रभारी, एडीओ कृषि/उद्यान, लोनिवि और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही तैनात रहने के निर्देश।
-
लोनिवि को भवनों की क्षति की टेक्निकल रिपोर्ट आज ही प्रस्तुत करने के निर्देश।
-
फुलेत में आपदा से क्षतिग्रस्त पैदल रास्तों और ब्लॉक खाले को खोलने हेतु पीएमजीएसवाई को मौके पर ही धन की स्वीकृति; कार्य तत्काल शुरू करने के आदेश।
-
क्षतिग्रस्त मालदेवता–सेरकी सिल्ला–छमरौली–फुलेत मोटर मार्ग को दोनों ओर से जेसीबी व पाकलैंड मशीन लगाकर जल्द सुचारु करने के निर्देश।
-
राशन की समस्या के समाधान हेतु डीएम ने आश्वस्त किया कि अगले एक-दो दिन में हेलीकॉप्टर अथवा खच्चरों के माध्यम से सस्ता गल्ला दुकानों तक आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
-
प्राथमिक विद्यालय छमरौली एवं राइका भगद्वारा खाल तक क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग तथा विद्यालयों की अन्य समस्याओं के लिए डीईओ और बीईओ को निरीक्षण कर कल तक रिपोर्ट देने के निर्देश।
-
क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर, गूल और पेयजल लाइनों की बहाली हेतु लघु सिंचाई एवं पेयजल विभाग को त्वरित कार्रवाई के आदेश।
-
नगदी फसलें (हल्दी, अदरक, मिर्च, मटर) मंडी तक न पहुंचने से किसानों को हो रहे नुकसान पर विशेष ध्यान देने और वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के निर्देश।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, ईई विद्युत राकेश कुमार सहित लोनिवि, पीएमजीएसवाई व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






