देहरादून, अक्टूबर 2025 — देवभूमि उत्तराखंड की रजत जयंती समारोह को लेकर राजधानी देहरादून में तैयारियां जोरों पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन और एफआरआई (Forest Research Institute) में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे एवं सूचना महानिदेशक वंशीधर तिवारी ने गुरुवार देर शाम एफआरआई पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरी की जाएं ताकि समारोह में कोई कमी न रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्य पंडाल, स्टेज डिजाइन, लेआउट, वीआईपी और वीवीआईपी बैठने की व्यवस्था, आम जनता की सुविधा, पार्किंग, प्रवेश और निकासी मार्ग सहित सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सुनिश्चित किया कि प्रधानमंत्री के आगमन के अवसर पर एफआरआई परिसर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिहाज से सुरक्षित और भव्य रूप में सुसज्जित हो।
इस मौके पर अपर निदेशक सूचना आशीष त्रिपाठी, सहायक निदेशक बद्री चंद नेगी, व्यवस्था अधिकारी रामपाल रावत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
देहरादून प्रशासन ने कहा है कि उत्तराखंड की रजत जयंती को यादगार बनाने के लिए एफआरआई में होने वाला यह आयोजन ऐतिहासिक होगा, जो प्रदेश की प्रगति और सांस्कृतिक गौरव को दर्शाएगा।






