देहरादून, अक्टूबर 2025:
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती इस बार ऐतिहासिक और यादगार बनने जा रही है। देहरादून में जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने शुक्रवार को ऋषिपर्णा सभागार में उच्च स्तरीय बैठक कर सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मा. राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम, प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन और सैन्यधाम के लोकार्पण समारोह की विस्तृत तैयारियों पर चर्चा हुई।

जिलाधिकारी बंसल ने साफ कहा कि “किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए कार्यक्रम स्थलों और मार्गों की व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही हर कार्यक्रम स्थल और रूट पर एडिशनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी ताकि सुरक्षा और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें।
उन्होंने लोनिवि, एमडीडीए, नगर निगम, विद्युत और वन विभाग को शहर के सौंदर्यीकरण, सड़क सुधार, सफाई, विद्युत लाइनों की मरम्मत और पेड़ों की लोपिंग का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। साथ ही उद्यान और पेयजल विभाग को पेयजल व अन्य सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
रजत जयंती सप्ताह को लेकर देहरादून में हर दिन एक नई थीम पर कार्यक्रम आयोजित होंगे — नारी शक्ति दिवस, सुशासन दिवस, यूथ स्पोर्ट्स डे, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन दिवस, शहीदों को नमन, सांस्कृतिक विरासत दिवस, रोजगार दिवस, स्वदेशी खाद्य दिवस और विकास का सफर जैसे विषयों पर पूरे जिले में भव्य आयोजन होंगे।

नारी शक्ति दिवस पर महिला स्वयं सहायता समूहों और एनआरएलएम समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
सुशासन दिवस पर हर ब्लॉक में वृहद शिविर लगाकर जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।
यूथ दिवस पर क्रॉस कंट्री दौड़, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून और अन्य एडवेंचर स्पोर्ट्स का रोमांच देखने को मिलेगा।
इसके अलावा प्रशासन ने आरबीआई की बैंकिंग वर्कशॉप, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण जागरूकता अभियान, और ऐतिहासिक धरोहरों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रूपरेखा तय की है। जिलाधिकारी ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को “विजन-2050” विषय पर निबंध, पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज शर्मा, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
देहरादून में इस बार राज्य स्थापना दिवस सिर्फ एक समारोह नहीं, बल्कि “गौरव, देशभक्ति और विकास की झलक” पेश करेगा। प्रशासन की सघन तैयारियां संकेत दे रही हैं कि रजत जयंती समारोह पूरे प्रदेश के लिए अभूतपूर्व और ऐतिहासिक होगा।






