“विधवा माँ और 9 वर्षीय मासूम को प्रताड़ित करने पर HDFC ERGO पर जिला प्रशासन की भारी कार्रवाई, 8.11 लाख की आरसी काटी, निलामी की चेतावनी”
देहरादून: जिले में ऋण बीमा धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों के बीच जिला प्रशासन ने HDFC ERGO GIC Ltd. के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 8.11 लाख रुपये की आरसी काटी। मामला तब सामने आया जब 9 वर्षीय मासूम बेटी की विधवा माँ सुप्रिया नौटियाल को उनके पति द्वारा लिए गए वाहन ऋण के लिए लगातार परेशान किया जा रहा था। सुप्रिया के पति की मृत्यु के बाद बैंक और बीमा कंपनी द्वारा ऋण की वसूली और वाहन जब्त करने की धमकी दी जा रही थी, जबकि बीमा पॉलिसी की वास्तविक जानकारी उन्हें कभी उपलब्ध नहीं कराई गई थी।
जिलाधिकारी ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए HDFC ERGO GIC Ltd. को 5 दिनों के भीतर ऋण माफ करने का फरमान सुनाया। आदेश का पालन न होने पर बैंक की संपत्ति को कुर्क और नीलाम किया जाएगा। डीएम ने स्पष्ट किया कि ऋण बीमा धोखाधड़ी के मामलों पर जिला प्रशासन हर हाल में सख्त कार्यवाही करेगा और ऐसे उत्पीड़न से प्रभावित जनता को न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को निर्देश दिए कि HDFC ERGO GIC Ltd., 3 फ्लोर, एनसीआर डेवलपर्स, 24A, न्यू कैन्टोनमेंट रोड, विजय कॉलोनी, शक्ति कॉलोनी, देहरादून के खिलाफ भू-राजस्व की बकाया वसूली की भांति कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसके साथ ही कई अन्य बैंक और बीमा कंपनियों की भी निगरानी की जा रही है, जो बीमित ऋण होने के बावजूद ग्राहकों को प्रताड़ित कर रही हैं।
इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि बैंक और इंश्योरेंस कंपनियों की मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और ऋण धोखाधड़ी के मामलों में प्रशासन सख्त रुख अपनाएगा।






