National

पुलिसकर्मियों पर हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लाठी-डंडों से पीटा

6
×

पुलिसकर्मियों पर हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लाठी-डंडों से पीटा

Share this article

नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर स्थित जनता विहार इलाके में ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक जब्त किए जाने से नाराज एक व्यक्ति और उसके परिवार के सदस्यों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और ईंट व डंडों से हमला कर दिया। घटना में दो हेड कांस्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से 17 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपित फरार हैं।

पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को करीब दोपहर तीन बजे बीट स्टाफ के हेड कांस्टेबल दिनेश और हेड कांस्टेबल राजेश जनता विहार इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक मोटरसाइकिल मिली, जिसके वैध दस्तावेज नहीं थे। नियमों के तहत पुलिस ने मोटरसाइकिल को दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 66 के तहत थाने में जमा करा दिया।

बाइक जब्त करने से नाराज थे आरोपित

करीब साढ़े तीन बजे दोनों पुलिसकर्मी अपनी बीट पर वापस लौटे। इसी दौरान बाइक का मालिक और उसके परिवार के कुछ सदस्य वहां पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने बाइक जब्त किए जाने का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों से विवाद किया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपितों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद ईंट और डंडों से उनकी पिटाई की गई।

शोर सुनकर मदद के लिए पहुंचे हेड कांस्टेबल टीनू को भी आरोपितों ने निशाना बनाया। हमले में तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में चोट आई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।

मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर संख्या 537/26 दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, मामले का मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का बीसी (बैड कैरेक्टर) है और उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दो मामले एनडीपीएस अधिनियम समेत गंभीर अपराधों से जुड़े बताए गए हैं।

पुलिस ने मौके से 17 वर्षीय एक किशोर को पकड़ लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी और उसके अन्य साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमले में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National

नई दिल्ली। देश में चीनी की कीमतों में तेजी ने एक बार फिर आम उपभोक्ताओं…

National

नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के बीच जारी कूटनीतिक तनाव के बीच दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के…