Uttarakhand

ज्योतिर्मठ के जीरोबैंड क्षेत्र में जंगल में लगी आग

6
×

ज्योतिर्मठ के जीरोबैंड क्षेत्र में जंगल में लगी आग

Share this article

ज्योतिर्मठ : उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में वनाग्नि की घटनाओं के बीच चमोली जनपद के ज्योतिर्मठ से राहत भरी खबर सामने आई है, जहाँ फायर ब्रिगेड की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़े हादसे को टाल दिया। बुधवार को ज्योतिर्मठ के समीप जीरो बैंड गौरंग के पास जंगल में अचानक भीषण आग लग गई। चीड़ की सूखी पत्तियों और तेज हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से सड़क किनारे से होते हुए नजदीकी रिहायशी (आबादी) क्षेत्र की तरफ बढ़ने लगीं, जिससे स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।

​जंगल में आग लगने और उसके आबादी की ओर बढ़ने की सूचना प्राप्त होते ही फायर यूनिट ज्योतिर्मठ बिना समय गंवाए तत्काल हरकत में आई। विभाग की टीम आवश्यक उपकरणों और फायर टेंडर के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुँचकर दमकल कर्मियों ने देखा कि आग विकराल रूप ले चुकी थी और आबादी क्षेत्र के बेहद करीब पहुँच चुकी थी। स्थिति की गंभीरता और खतरे को भांपते हुए फायर कर्मियों ने बिना देरी किए मोर्च संभाला और तत्काल आग बुझाने का कार्य प्रारम्भ कर दिया।

​चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच दमकल कर्मियों द्वारा लगातार पानी की बौछारें कर आग को आगे बढ़ने से रोका गया और उस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया। टीम के अथक प्रयासों और सूझबूझ से आखिरकार जंगल की इस भीषण आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते की गई इस त्वरित कार्रवाई के चलते घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या जीवहानि नहीं हुई और एक बड़ा संकट टल गया। स्थानीय जनता ने भी फायर ब्रिगेड की इस तत्परता की जमकर सराहना की है।

​इस रेस्क्यू ऑपरेशन फायर टीम में मुख्य रूप से फायरमैन (FM) पंकज थपलियाल, भरत कुमार, वीरेंद्र, मीनाक्षी, राकेश गौड़ सहित फायरमैन अरविंद, विकास नौटियाल, रोहित तिवारी और शोभा ने भी आग पर काबू पाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Uttarakhand

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में वन भूमि हस्तांतरण से संबंधित…