देहरादून में सांसद राज्यसभा और भाजपा राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष डा. नरेश बंसल द्वारा आयोजित “सांसद खेल महोत्सव 2025” का दूसरा दिन उत्साह, जोश और खेल भावना से सराबोर रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आयोजित इस महोत्सव में आज चकराता और विकासनगर ब्लॉक की सभी न्याय पंचायतों में ग्राम स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं हुईं।

करीब 500 खिलाड़ियों, शिक्षकों और अधिकारियों की भागीदारी के साथ आयोजित इन प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो सहित पारंपरिक व आधुनिक खेलों ने ग्रामीण मैदानों में ऊर्जा भर दी। खिलाड़ियों के बीच जोश, प्रतिस्पर्धा और टीम भावना का ऐसा संगम देखने को मिला जिसने पूरे क्षेत्र का माहौल खेलमय बना दिया।
डा. नरेश बंसल ने कहा कि “सांसद खेल महोत्सव” देशभर में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और नेतृत्व की ओर प्रेरित करने का एक राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर देगा, बल्कि खेलों के माध्यम से युवा पीढ़ी में आत्मविश्वास और एकता की भावना भी विकसित करेगा।
इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, शिक्षकगण, पंचायत प्रतिनिधि और खेलप्रेमी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के उत्साह ने यह साबित कर दिया कि उत्तराखंड के गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है—जरूरत सिर्फ मंच की है। आने वाले दिनों में ब्लॉक स्तर पर सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिससे खेलों की यह श्रृंखला और व्यापक रूप लेगी।






