देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह को लेकर देहरादून में तैयारियों का जोश चरम पर है। जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को पुलिस लाइन रेसकोर्स में आयोजित होने वाली पुलिस रैतिक परेड और 8 नवम्बर के भव्य समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंच से लेकर साउंड सिस्टम, पार्किंग, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था तक का बारीकी से निरीक्षण करते हुए सभी विभागों को “समय पर हर व्यवस्था चाक-चौबंद करने” के निर्देश दिए।

डीएम सविन बंसल ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम को “भव्य, सुरक्षित और अनुशासित आयोजन” बनाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि पूरे कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं, एसएसपी अजय सिंह ने पुलिस बल की ड्यूटी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर अफसरों को विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 8 नवम्बर को पुलिस लाइन में राज्य पुलिस की विभिन्न इकाइयों की आकर्षक परेड देखने को मिलेगी, जो राज्य गौरव का प्रतीक होगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी, उप जिलाधिकारी हरी गिरी और अपूर्वा सिंहसहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
देहरादून अब पूरी तरह से राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के स्वागत में सज-धज चुका है, और पुलिस लाइन में होने वाला यह आयोजन पूरे उत्तराखंड की शान बनने जा रहा है।






