देहरादून, 07 नवंबर 2025:
राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती वर्ष के मुख्य कार्यक्रम और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर देहरादून प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने शुक्रवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम में अधिकारियों की विशेष बैठक लेकर उन्हें उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी और साफ कहा — “वीवीआईपी ड्यूटी में भूल-चूक के लिए कोई स्थान नहीं है।”

डीएम ने एफआरआई परिसर में होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए तैनात मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, नोडल और लाईजनिंग अधिकारियों को उनके कार्य और जिम्मेदारियां समझाईं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। डीएम ने कहा कि हर अधिकारी अपने क्षेत्र, ब्लॉक और ड्यूटी स्थल का पूर्व निरीक्षण करें तथा अन्य विभागीय कर्मियों से समन्वय बनाएं ताकि कार्यक्रम के दिन किसी भी तरह की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट, सिटिंग अरेंजमेंट, स्वास्थ्य और आपात सेवाओं की तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मी को ड्यूटी से संबंधित कोई शंका है तो उसे समय रहते दूर कर लें।
इससे पूर्व मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह एवं नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह ने सभी अधिकारियों को ब्लॉकवार ड्यूटी और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
देहरादून प्रशासन के इस सख्त रुख ने यह साफ कर दिया है कि रजत जयंती वर्ष का मुख्य कार्यक्रम और पीएम का दौरा शून्य त्रुटि नीति के तहत संपन्न होगा।






