देहरादून, 12 नवम्बर 2025। नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग देहरादून ने मिलकर रायवाला में राजकीय नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र की शुरुआत की है। यह केंद्र स्वैच्छिक संस्था SPYM (Society for the Promotion of Youth and Masses) के सहयोग से संचालित होगा और नशामुक्त समाज की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

इस केंद्र की सबसे खास बात यह है कि यहां सभी सेवाएँ पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं — जिसमें परामर्श (Counselling), डिटॉक्सिफिकेशन, पुनर्वास (Rehabilitation) और बाद की सहायता (Out Reach Services) शामिल हैं। प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जरूरतमंद व्यक्ति हेल्पलाइन नंबर 9625777399 पर कॉल करके नशा मुक्ति से जुड़ी हर संभव सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह (IAS) ने सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, पंचायतों, पुलिस थानों और सामुदायिक केंद्रों से अपील की है कि वे अपने स्तर पर इस हेल्पलाइन नंबर को अधिकतम लोगों तक पहुंचाएं ताकि समाज के हर वर्ग तक यह सुविधा पहुंच सके।
देहरादून जिला प्रशासन के इस अभियान से उम्मीद की जा रही है कि अब कोई भी व्यक्ति नशे की जकड़न में अकेला नहीं रहेगा। रायवाला स्थित यह केंद्र, नशे से लड़ाई में एक नई उम्मीद की किरण लेकर आया है।






