देहरादून के ऋषिपर्णा सभागार में सोमवार को लगा जनता दरबार सैकड़ों फरियादियों के दुख–दर्द का केंद्र बन गया। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर आयोजित इस दरबार में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने 130 से अधिक शिकायतें सुनीं, जिनमें घरेलू विवाद, जमीन कब्जा, सिंचाई, सड़क डामरीकरण, आर्थिक सहायता, ऋण माफी और भरण-पोषण जैसे संवेदनशील मामले शामिल थे। कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण हुआ, जबकि कुछ को संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया गया।

जनता दरबार में बुजुर्गों की पीड़ा सबसे ज्यादा सामने आई। आमवाला की विद्या देवी और शिव कॉलोनी की मंगला ने बेटे–बहू और पति द्वारा घर से निकालने की गंभीर शिकायतें कीं, जिन पर एडीएम ने भरण-पोषण वाद दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। लक्ष्मण चौक की एक बुजुर्ग महिला की मारपीट और उत्पीड़न की शिकायत पर एसएचओ को जांच के आदेश दिए गए।
68 वर्षीय जसपाल सिंह ने बताया कि उनका बेटा 14 साल से दुबई में है और न तो घर आता है और न ही परिवार की जिम्मेदारी उठाता है। बीमार हालत में बुजुर्ग पिता ने आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार के लिए मदद और कार्रवाई की गुहार लगाई।
आर्थिक सहायता के मामलों में भी कई फरियादी पहुंचे—दिव्य विहार की रेखा देवी ने बेटी की शादी के लिए सहायता मांगी, शमशाद और दिव्यांग सुरेश ने आर्थिक मदद व रोजगार की मांग उठाई, वहीं प्रियंका धीमान ने अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए मदद की गुहार लगाई। मजदूर बेचू राम ने अपने बोल–सुन नहीं पाने वाले बेटे की पढ़ाई के लिए सहायता मांगी, जिस पर शिक्षा अधिकारी को सहयोग के निर्देश दिए गए।
जमीन से जुड़े विवादों में भी एडीएम ने सख्त रुख दिखाया। गर्दी कैंट में भूमाफियाओं के अवैध कब्जे, विकासनगर में ₹15 लाख की धोखाधड़ी से की गई रजिस्ट्री, सिडकुल की भूमि पर कब्जा और वृक्षों के पातन सहित कई मामलों पर तत्काल जांच और कठोर कार्रवाई के आदेश दिए गए।
बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों में भी त्वरित संज्ञान लिया गया—सहसपुर में बंद सिंचाई गूल को खोलने, फूलेत–क्यारा मोटर मार्ग के डामरीकरण, मधुर विहार में सीवर लाइन निरीक्षण, कैलाशपुर में क्षतिग्रस्त नाली निर्माण, नौगांव में पानी की पाइपलाइन दुरुस्त कराने जैसे मामलों में संबंधित विभागों को तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
दरबार में एसडीएम स्मृता परमार, प्रत्यूष सिंह, अपूर्वा सिंह, विनोद कुमार, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जनता ने तेजी से समाधान मिलने पर जिला प्रशासन का आभार जताया।






