देहरादून में आयोजित नाबार्ड के अखिल भारतीय खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव—नाबोत्सव का 20वां संस्करण 29 नवंबर 2025 को धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। 26 से 29 नवंबर तक चलने वाले इस चार दिवसीय महोत्सव में देशभर की नाबार्ड टीमों ने खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में दमदार प्रदर्शन किया और आपसी सौहार्द, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की मिसाल पेश की।
समापन समारोह में नाबार्ड के उप प्रबंध निदेशक डॉ. अजय कुमार सूद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं पद्मश्री सम्मानित पर्वतारोही लव राज सिंह धरमशक्तु और साहसिक यात्री रीना कौशल धरमशक्तु विशिष्ट अतिथि रहे, जिनके प्रेरणादायक संबोधन ने प्रतिभागियों में नई ऊर्जा भर दी।
मेजबान राज्य उत्तराखंड ने इस बार शानदार प्रदर्शन कर अपनी खेल क्षमता का लोहा मनवाया। टेबल टेनिस पुरुष एकल में पंकज यादव ने प्रथम स्थान हासिल कर उत्तराखंड की रैकेट गेम्स में श्रेष्ठता साबित की। वहीं बैडमिंटन महिला एकल में पूजा कश्यप की जीत ने मेजबान टीम को गर्व से भर दिया। बैडमिंटन मिश्रित युगल में वीरेश और पूजा कश्यप की जोड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर शानदार तालमेल का प्रदर्शन किया।
अन्य प्रतियोगिताओं में देशभर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
कैरम में मुंबई HO, असम, और मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने शीर्ष स्थान प्राप्त किए। बैडमिंटन पुरुष एकल में रविंद्र शर्मा (मुंबई HO) विजेता रहे, जबकि महिला वर्ग में उत्तराखंड की पूजा कश्यप ने बाजी मारी। बैडमिंटन टीम इवेंट में मुंबई HO विजेता रहा।
टेबल टेनिस में पुरुष एकल में पंकज यादव (उत्तराखंड) पहले, मणिपुर के मीगन पनमी दूसरे और मुंबई HO–1 के संजय कुमार अरोहन तीसरे स्थान पर रहे। महिला एकल में पंजाब/हरियाणा की पुनम गुप्ता विजेता रहीं। पुरुष टीम चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश ने पहला स्थान हासिल किया।
क्रिकेट में नॉर्थ ज़ोन विजेता बना, जबकि सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ का खिताब भानु दाबास (मुंबई HO) को मिला।
शतरंज में राजस्थान RO के महेंद्र सिंह उमर, और संगीत में मुंबई HO के दीपक पावलंकर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का समापन महाप्रबंधक शशि कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। नाबोत्सव 2025 ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि नाबार्ड कर्मचारियों में न केवल संगठनात्मक क्षमता बल्कि खेल, संस्कृति और टीम स्पिरिट की मजबूत नींव भी मौजूद है।






