देहरादून: संविधान दिवस 2025 के अवसर पर जनपद देहरादून में सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों, कार्यालयों में राष्ट्र गीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की शपथ ली।
मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौडियाल ने बताया कि जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्रों के बीच गोष्ठी, परिचर्चा और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित कर संविधान के महत्व और उसमें प्रदत्त अधिकारों, कर्तव्यों तथा सामाजिक दायित्वों के पालन पर जोर दिया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।
इस अवसर पर बच्चों और युवाओं को संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व, नागरिक दायित्वों और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ज्ञान दिया गया। सभी संस्थानों और कार्यालयों में राष्ट्र की अखंडता और संप्रभुता की शपथ के माध्यम से युवाओं और जनता में देशभक्ति की भावना को मजबूती प्रदान की गई।
यह कार्यक्रम न केवल संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाने में सफल रहा, बल्कि छात्रों और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी उभारा।






