National

मुंबई में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, तीन बच्चों समेत सात की मौत, सात घायल

7
×

मुंबई में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, तीन बच्चों समेत सात की मौत, सात घायल

Share this article

मुंबई। मुंबई के घाटकोपर इलाके में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा चिराग नगर के अशोक नगर स्थित गौसिया चॉल में सुबह करीब 3:48 बजे हुआ। पहाड़ी का एक हिस्सा और भारी मलबा दो से तीन मकानों पर जा गिरा, जिससे कई लोग मलबे में दब गए।

बीएमसी अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में सात लोगों को मृत घोषित किया गया। मृतकों में मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19), अबान आरिफ शेख (2), मन्नत आरिफ शेख (4), मरजीना आरिफ शेख (27) और विकेत रमेश यादव (27) शामिल हैं। एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

सात घायल, अस्पताल में उपचार जारी

भूस्खलन में घायल फराना दिलबर खान (28), दिलबर अमानुल्लाह खान (38) और शमीम मुस्लिम खान (26) को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) को कुर्ला स्थित भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

संकरी गलियों के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण

हादसे के बाद दमकल विभाग, मुंबई पुलिस, एनडीआरएफ, एंबुलेंस सेवा और बीएमसी के कर्मचारियों की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। घटनास्थल तक पहुंचने वाला रास्ता बेहद संकरा है। करीब तीन से साढ़े तीन फुट चौड़ी गलियों में एक समय में मुश्किल से एक व्यक्ति ही गुजर पा रहा है। ऐसे में भारी मशीनों को मौके तक पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। बचावकर्मी ‘रेकर’ मशीन की मदद से मलबा हटाने के बाद उसे बाल्टियों के जरिए हाथ से बाहर निकाल रहे हैं। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान जारी है।

महापौर ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। महापौर ने मृतकों के निकटतम परिजनों को चार-चार लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। प्रत्येक घायल के इलाज के लिए 50 हजार रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की गई है। उन्होंने बचाव अभियान में जुटी सभी एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

बीएमसी ने पहले भी जारी की थी चेतावनी

बीएमसी के अनुसार, भूस्खलन और चट्टान खिसकने के संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय-समय पर सतर्क किया जाता है। अशोक नगर की टेकड़ी नंबर-3 के आसपास रहने वाले लोगों को भी भूस्खलन के खतरे को लेकर चेतावनी दी गई थी और जागरूकता अभियान चलाया गया था।

सीएम फडणवीस ने जताया दुख

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि घाटकोपर के गौसिया चॉल में भूस्खलन की घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। हादसे की जानकारी मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गया और राहत अभियान शुरू कर दिया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक उपचार के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National

कोलकाता। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व कर चुके बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को…