देहरादून का शहीद स्थल गुरुवार को एक भावुक और गर्व से लबरेज पल का गवाह बना, जब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आन्दोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री भावुक हो उठे और कहा कि उन्हीं के संघर्ष की बदौलत आज उत्तराखंड एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में है।

मुख्यमंत्री धामी ने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार शहीदों और आन्दोलनकारियों के परिवारों के कल्याण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शहीदों के सपनों का आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखंड बनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
- इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। शहीद स्थल देशभक्ति और सम्मान की भावना से सराबोर रहा।






