उत्तरकाशी/कर्णप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। यमुनोत्री घाटी में मध्यरात्रि से जारी बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे स्यानाचट्टी सहित कई स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से बंद हो गया है, जिससे यात्रियों की आवाजाही ठप हो गई है।
लगातार बारिश के कारण सड़क खोलने का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग मलबा हटाने में जुटे हैं, लेकिन खराब मौसम के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
उधर, कर्णप्रयाग-सिमली मार्ग पर भारी बोल्डर गिरने से यातायात बाधित हो गया। वहीं चमोली जिले के नारायणबगड़ स्थित थरालीबगड़ बाजार में एक बार फिर मलबा घुस आया, जिससे हाईवे अवरुद्ध हो गया। बीआरओ ने सोमवार सुबह मलबा हटाकर मार्ग को आंशिक रूप से खोल दिया।
बारिश के साथ बहकर आया मलबा कई दुकानों में घुस गया, जबकि सरकारी राशन गोदाम में भी आंशिक रूप से मलबा पहुंचा है। अस्पताल के आगे और जीत सिंह मार्केट क्षेत्र में हाईवे पर मलबा फैलने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कर्णप्रयाग में रविवार रात से बिजली आपूर्ति भी बाधित बताई जा रही है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार के लिए राज्य में भारी से अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा जताया है।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।







